नई दिल्लीः साहित्य अकादमी ने आज 23 भाषाओं में अपने वार्षिक साहित्य अकादमी पुरस्कार की घोषणा कर दी है. इस साल सात कविता-संग्रह, चार उपन्यास, छह कहानी-संग्रह, तीन निबंध संग्रह, एक-एक कथेतर गद्य, आत्मकथा और जीवनी के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार घोषित किए गए हैं. पुरस्कारों की अनुशंसा 23 भारतीय भाषाओं की निर्णायक समितियों द्वारा की गई तथा साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में आज इन्हें अनुमोदित किया गया. सात कविता-संग्रहों के लिए जिन्हें पुरस्कृत किया गया है, उनमें बोडो के डॉ फुकन चन्द्र बसुमतारी, हिंदी के डॉ नन्दकिशोर आचार्य, कोंकणी की निलबा आ. खांडेकार, मैथिली के कुमार मनीष अरविन्द, मलयाळम् के वी. मधुसूदनन नायर, मराठी की अनुराधा पाटील एवं संस्कृत के प्रो. पेन्ना-मधुसूदन शामिल हैं. उपन्यास के लिए जिन चार लेखकों को पुरस्कृत किया गया है, उनमें असमिया के डॉ जयश्री गोस्वामी महंत, मणिपुरी, बेरिल थंगा के एल. बिरमंगल सिंह, तमिऴ के चो. धर्मन एवं तेलुगु के बंदि नारायणा स्वामी शामिल हैं.
कहानी-संग्रह के लिए जिन छह कथाकारों को पुरस्कृत किया गया उनमें कश्मीरी के अब्दुल अहद हाज़िनी, ओड़िया के तरुण कांति मिश्र, पंजाबी के किरपाल कज़ाक, राजस्थानी के रामस्वरूप किसान, संताली के काली चरण हेम्ब्रम एवं सिंधी के ईश्वर मूरजाणी शामिल हैं. अंग्रेजी में डॉ शशि थरूर, कन्नड में डॉ विजया एवं उर्दू में प्रो शाफे़ किदवई को क्रमशः सृजनात्मक कथेतर गद्य, आत्मकथा एवं जीवनी के लिए पुरस्कृत किया गया. निबंध-संग्रहों के लिए जिन तीन लोगों को पुरस्कृत किया गया उनमें बाड्ला के डॉ. चिन्मय गुहा, डोगरी के ओम शर्मा 'जन्द्रयाड़ी' एवं गुजराती के रतिलाल बोरीसागर शामिल हैं. इन पुस्तकों को संबंधित भाषा के त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन-प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना. अकादमी ने नियमानुसार कार्यकारी मंडल ने निर्णायकों के बहुमत के आधार पर अथवा सर्वसम्मति के आधार पर चयनित पुस्तकों के लिए आज पुरस्कारों की घोषणा की है. ये पुरस्कार 1 जनवरी 2013 से 31 दिसम्बर 2017 के दौरान पहली बार प्रकाशित पुस्तकों पर दिया गया है. साहित्य अकादमी पुरस्कार के रूप में एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपये की राशि प्रदान करेगी. घोषित पुरस्कार 25 फ़रवरी 2020 को नई दिल्ली में आयोजित साहित्योत्सव नामक विशेष समारोह में दिए जाएंगे.
