नई दिल्लीः नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में मशहूर लेखक और पीरामल ग्रुप के ग्रुप प्रेसीडेंट, स्ट्रेटेजिक बिज़नेस हरिंदर सिक्का की किताब 'कॉलिंग सहमत' के हिंदी संस्करण का विमोचन नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह और मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर और पेंगुइन रेंडम हाउस की एडिटर-इन-चीफ़, इंडियन लैंग्वेजेज वैशाली माथुर की उपस्थिति में हुआ. 'कालिंग सहमत' वह उपन्यास है, जिस पर बॉलीवुड की मशहूर फिल्म राज़ी बन चुकी है. कॉलिंग सहमत की कहानी एक भारतीय महिला जासूस और वीरांगना सहमत खान की कहानी है, जो एक पाकिस्तानी जनरल के बेटे से शादी करती है और नियमित रूप से वहां से गुप्त जानकारियां भारतीय गुप्तचर एजेंसी को भेजती है. किताब के लेखक हरिंदर सिक्का ने किताब को लेखने की प्रेरणा और उसके पीछे की कहानी बताई. हरिंदर सिक्का ने कहा, "सहमत एक फ़रिश्ता थी और उन्होंने साबित किया कि एक कश्मीरी महिला उतनी ही देशभक्त है जितना कोई आम हिंदुस्तानी."

 

इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा कि इस किताब के विमोचन में आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा, "यह किताब अंग्रेज़ी में काफ़ी सफल रही है, आशा है कि हिंदी में भी यह किताब सफल होगी और व्यापक पाठक-वर्ग तक पहुंचेगी." वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कॉलिंग सहमत ऐसा जासूसी थ्रिलर है जो इस अज्ञात युद्ध वीरांगना की कहानी बयान करता है. बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने कहा कि हम सब में अपनी मातृभूमि को लेकर एक भावना होती है और जब हरिंदर ने उन्हें ये कहानी सुनाई तो वह इसे महसूस कर सकती थीं. जाह्नवी ने कहा, "हरेक किताब प्रेमी का किताब के बारे में एक अपना विचार होता है, जबकि सिनेमा में हर दर्शक के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता." वैशाली माथुर ने अतिथियों का स्वागत किया. रेडियो जॉकी आरजे स्वाति ने कार्यक्रम का संचालन किया. कॉलिंग सहमत का प्रकाशन पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने किया है.